
पिथौरा 22.06.2026। पिथौरा से लगे ग्राम पंचायत लाखागढ़ स्थित सुजल मेडिकल स्टोर में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने औचक निरीक्षण की कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान पिथौरा BMO श्रीमती तारा अग्रवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मेडिकल स्टोर के संचालन की स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि मेडिकल स्टोर की आड़ में मरीजों का उपचार किए जाने जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जो निर्धारित नियमों के विपरीत है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थल पर पहुंचकर जांच की और संबंधित पक्ष से जानकारी ली।

शिकायतों के बाद पिथौरा BMO की सुजल मेडिकल स्टोर में औचक जांच, नियमों के पालन की दी गई सख्त समझाइश
निरीक्षण के दौरान मेडिकल संचालिका फुलेश्वरी साहू को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि मेडिकल स्टोर का संचालन केवल निर्धारित नियमों एवं अनुमति के अनुरूप किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि भविष्य में नियमों की अवहेलना या निर्धारित दायरे से बाहर किसी प्रकार की गतिविधि संचालित पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल की आड़ में इलाज की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, BMO ने दी कार्रवाई की चेतावनी
BMO श्रीमती तारा अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में नियमों का पालन आवश्यक है और शिकायत मिलने पर विभाग आगे भी इस तरह की निगरानी एवं निरीक्षण जारी रखेगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी उपस्थित रही।




